password strength checker · strong password kaise banaye · मज़बूत पासवर्ड
Password strength check: आपका पासवर्ड कितना मज़बूत है, और strong password किसे कहते हैं
वह पासवर्ड लिखें जो रखने वाले हैं।
यहाँ लिखा हुआ न हमें भेजा जाता है, न कहीं सेव होता है। वही पासवर्ड जाँचें जो रखने वाले हैं, या कोई पुराना — वह नहीं जिससे आज आपका अकाउंट खुलता है।
- अंदाज़ा आपके ब्राउज़र में
- लंबाई चिह्नों से ज़्यादा काम की
- एक पासवर्ड कई जगह न रखें
उदाहरण- लंबाई
- —
- अंदाज़े से निकालने में लगने वाला समय (मोटा अंदाज़ा)
- —
यह जाँच Have I Been Pwned के Pwned Passwords डेटाबेस से पूछती है। आपका ब्राउज़र पासवर्ड का हैश बनाता है और हैश के सिर्फ़ पहले 5 अक्षर भेजता है। यह कैसे काम करता है
अंदाज़ा इसी पेज के अंदर निकलता है — पासवर्ड की लंबाई से, और उन ढर्रों से जिन्हें अंदाज़ा लगाने वाले प्रोग्राम सबसे पहले आज़माते हैं: आम पासवर्ड, शब्द के साथ कुछ अंक, कीबोर्ड का सिलसिला, साल। यह एक बताई हुई मान्यता पर टिका मोटा अंदाज़ा है, नापा हुआ समय नहीं। इसके बाद वही खाना पासवर्ड को लीक डेटा में भी देख सकता है। “Strong password kaise banaye” के क़दम नीचे हैं।
- अंदाज़ा आपके ब्राउज़र में निकलता है और कहीं भेजा नहीं जाता
- चिह्नों से ज़्यादा काम लंबाई करती है: अकेले इस्तेमाल होने वाले पासवर्ड के लिए NIST का न्यूनतम 15 अक्षर है
- मज़बूत पासवर्ड भी, अगर कई जगह चल रहा है, तो एक लीक में सबके सामने होगा
चार उदाहरण
Password strength चार उदाहरणों में
चारों उदाहरण उसी हिसाब से आँके गए हैं जो ऊपर के खाने में चलता है — पट्टियाँ और समय आपके ब्राउज़र में गिने जाते हैं, पेज में पहले से भरे नहीं गए।
दूसरे और चौथे को आमने-सामने रखें। पहले वाले में बड़ा अक्षर, चिह्न और अंक हैं, सो वह “पेचीदा” लगता है। दूसरा बस छोटे अक्षरों के शब्द हैं। फिर भी अंदाज़ा उल्टा आता है, और मानक इसकी वजह देता है: बनावट की शर्त मिलने पर लोग अनुमान लगाने लायक़ ढंग से जवाब देते हैं, और अंदाज़ों की गिनती लंबाई से बढ़ती है।
qwerty12345—आम पासवर्डों की लिस्ट से कीबोर्ड की एक कतार, और पीछे क्रम से अंक। लिस्ट ख़त्म होते ही अगली बारी इसी की आती है।
Diwali@2025—बड़ा अक्षर, चिह्न, अंक — पर ढाँचा सबसे घिसा-पिटा: एक शब्द, एक चिह्न, एक साल। इसे शब्दकोश से पकड़ा जाता है, एक-एक अक्षर से नहीं।
k7#Qm2!x—हर तरह के आठ बेतरतीब अक्षर। शब्दकोश के काम का कुछ नहीं, मगर आठ छोटा है: सारे मेल आज़माए जा सकते हैं।
copper-window-tuesday-orbit-mango—पाँच आपस में बेजोड़ शब्द। फ़ोन पर टाइप करना आसान, और लंबाई इतनी कि अंदाज़े से वहाँ तक पहुँचना व्यावहारिक नहीं रहता।
समय की गिनती इस मान्यता पर है कि किसी के हाथ पासवर्ड का चुराया हुआ हैश है और वह हर सेकंड दस अरब अंदाज़े लगाता है। यह रफ़्तार हमारे अंदाज़े की शर्त है — Instagram, TikTok या किसी और पर नापी हुई बात नहीं। “दिन” या “सदियाँ” को सिर्फ़ पैमाने की तरह पढ़ें।
हिसाब कैसे लगता है
Password strength का अंदाज़ा किन बातों पर टिका है
हिसाब इस गिनती से शुरू होता है: आपने जिन क़िस्मों के अक्षर लिए, उनसे इतनी ही लंबाई के कुल कितने पासवर्ड बन सकते हैं। हर अगला अक्षर इस गिनती को कई गुना बढ़ाता है — इसलिए किसी अक्षर को चिह्न से बदलने की बजाय एक और अक्षर जोड़ना ज़्यादा असर करता है। NIST की गाइडलाइन भी लंबाई को पासवर्ड की मज़बूती का मुख्य पैमाना मानती है।
फिर गिनती में से वह सब घटाया जाता है जो अंदाज़ा लगाने वाला प्रोग्राम एक-एक अक्षर आज़माने से पहले ही परख लेगा। ये ढर्रे नीचे की लिस्ट में हैं; आपके पासवर्ड में जो मिले, वह खाने के नीचे लिखा दिखता है।
समय इसी गिनती को एक मानी हुई रफ़्तार से भाग देकर निकलता है — चुराए गए हैश पर हर सेकंड दस अरब अंदाज़े, यानी सबसे ख़राब हालत। असली रफ़्तार इस पर निर्भर है कि सर्विस पासवर्ड का हैश किस तरह बनाती है, और प्लेटफ़ॉर्मों के मामले में यह हमें मालूम नहीं। इसलिए नतीजा पैमाना है — सेकंड, दिन, सदियाँ — गारंटी नहीं।
अंदाज़े की नज़र से क्या छूटता है: शब्द आपका नाम या शहर है या नहीं, पासवर्ड पहले ही लीक डेटा में है या नहीं, और वह पाँच साइटों पर एक साथ लगा है या नहीं। लीक के सवाल के लिए खाने के नीचे अलग बटन है; बाक़ी दो का जवाब सिर्फ़ आप दे सकते हैं।
- पासवर्ड आम पासवर्डों की लिस्ट में है, या उनमें से किसी में दो-चार अक्षर जोड़कर बना है
- शब्दकोश का एक शब्द, साथ में कुछ अंक या चिह्न
- कीबोर्ड या वर्णमाला की कतार: qwerty, abcd, 1234
- एक ही अक्षर की दोहराई हुई लड़ी
- कोई साल — इस पर निशान लगता है, क्योंकि साल और तारीख़ें अंदाज़ों की आम चीज़ हैं
- लगातार कई शब्द हों तो उन्हें शब्द-सूची के शब्द माना जाता है, अलग-अलग अक्षर नहीं
कौन क्या सलाह देता है
Strong password के नियम: NIST, CISA, Instagram और TikTok आमने-सामने
दो मुद्दों — बनावट और तय समय पर बदलाव — पर प्लेटफ़ॉर्मों की सलाह आज के अमेरिकी मानक के उलट जाती है। हम यह अंतर छिपाते नहीं, और मानक का पक्ष लेते हैं।
| सवाल | NIST SP 800-63B-4, 2025 | CISA | Instagram हेल्प | TikTok हेल्प |
|---|---|---|---|---|
| कम से कम लंबाई | 15 अक्षर, जब पासवर्ड ही इकलौता ताला हो; 8, जब वह कई-फ़ैक्टर लॉगिन का एक हिस्सा भर हो। सर्विस को कम से कम 64 अक्षर तक स्वीकार करने होंगे। | 16 या उससे ज़्यादा। | 6 मान्य, सलाह 8 या ज़्यादा की। | 12–15 अक्षर। |
| बड़े अक्षर, अंक, चिह्न | सर्विसें बनावट की शर्तें नहीं लगा सकतीं। | बेतरतीब पासवर्ड, या 4–7 बेजोड़ शब्दों का वाक्यांश। | अंकों, अक्षरों और ख़ास चिह्नों का मेल। | बड़े और छोटे अक्षर, अंक, चिह्न। |
| तय समय पर बदलना | सर्विसें समय-समय पर बदलवाने की शर्त नहीं रख सकतीं; बदलाव ज़रूरी तब है जब पासवर्ड खुलने का सबूत मिले। | उसके पेज पर ऐसी कोई सलाह नहीं। | “Change your password regularly.” | हर 30 दिन पर। |
| लीक पासवर्डों से मिलान | हर नए पासवर्ड पर सर्विस के लिए अनिवार्य। | उसके पेज पर यह विषय नहीं। | पासवर्ड खुल गया हो सकता है, तो चेताता है। | छापी गई चोरी की लिस्टें खंगालता है, मेल खाने पर बदलवाता है। |
| Password manager | सर्विस को इसे और autofill को चलने देना होगा। | सलाह देता है। | जो लेख हमने पढ़ा, उसमें इसका ज़िक्र नहीं। | जो लेख हमने पढ़ा, उसमें इसका ज़िक्र नहीं। |
NIST सर्विसों के लिए लिखता है, CISA आम लोगों के लिए; Instagram और TikTok पर दोनों में से कोई बाध्यकारी नहीं। लेकिन NIST अपने तर्क देता है। बनावट की शर्त मिलने पर लोग अनुमान लगाने लायक़ जवाब देते हैं — उसकी अपनी मिसाल “Password1!” है। और पासवर्ड बदलने की वजह उसके खुलने का सबूत होनी चाहिए, कैलेंडर का पन्ना पलटना नहीं। इन दोनों बातों पर यह साइट NIST और CISA के रास्ते पर है।
बनाकर देखें
Strong password कैसे बनाएँ — ऐसा जो लिखा भी जा सके
- 1
लंबाई बढ़ाएँ: 15 अक्षर या ज़्यादा
जिस पासवर्ड के अलावा कोई ताला नहीं, उसके लिए NIST की निचली हद 15 है; CISA 16 या ज़्यादा कहता है। NIST यह भी कहता है कि लोगों को, समझदारी की हद में, जितना चाहें उतना लंबा पासवर्ड रखने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
- 2
बेजोड़ शब्दों का वाक्यांश चुनें, या password manager को बनाने दें
CISA: बेतरतीब, या 4–7 बेजोड़ शब्दों का वाक्यांश। NIST के अनुसार कई शब्दों का पासवर्ड अक्सर लंबाई पाने का असरदार तरीक़ा है, और सर्विसों को बीच के स्पेस भी स्वीकार करने चाहिए।
- 3
अंदाज़ा जिन ढर्रों पर निशान लगाता है, उनसे बचें
आम पासवर्ड के पीछे अंक, शब्द के साथ साल, कीबोर्ड की कतार — ऐसा हर ढाँचा एक इकाई की तरह आज़माया जाता है, ऊपर से चिह्न कितने भी लगे हों।
- 4
हर अकाउंट का अपना पासवर्ड
Instagram का हेल्प: वह पासवर्ड न लें जो ईमेल या बैंक में चलता है। CISA: हर अकाउंट के लिए अलग। इतने पासवर्ड याद रखने का काम password manager संभालता है, आप नहीं।
- 5
रखने से पहले परखें, फिर लीक में देखें
सेव करने से पहले उसे ऊपर के खाने में डालकर देखें।
आपको दिखना चाहिए: अंदाज़ा “सालों” या उससे ऊपर का हो, और लीक जाँच कहे “लीक डेटाबेस में नहीं मिला”।
- 6
दूसरा फ़ैक्टर जोड़ें
नक़ली लॉगिन पेज पर लंबाई काम नहीं आती: वहाँ लंबा पासवर्ड भी उतनी ही आसानी से सौंप दिया जाता है जितना छोटा। दूसरे फ़ैक्टर के साथ अकेला पासवर्ड लॉग इन के लिए काफ़ी नहीं रहता; तरीक़े और उन्हें चालू करने की जगह: two-factor authentication।
खाने के नीचे
Strength check कैसे काम करता है: हिसाब पेज पर, बाहर कुछ नहीं जाता
अंदाज़ा इसी पेज की अपनी स्क्रिप्ट टाइप करते-करते निकालती है। वह सिर्फ़ खाने के अक्षर पढ़ती है: कितने हैं, किन क़िस्मों के हैं, और क्या वे ऊपर गिनाए किसी ढर्रे में बैठते हैं। हिसाब के दौरान कोई नेटवर्क रिक्वेस्ट नहीं जाती, और पासवर्ड कहीं सेव नहीं होता — रीलोड करते ही वह मिट जाता है।
यही इसकी हद भी है। अंदाज़ा जानता है कि अंदाज़ा लगाने वाला प्रोग्राम इस लड़ी तक कैसे पहुँचेगा; वह यह नहीं जान सकता कि हूबहू यही लड़ी पहले ही लीक हो चुकी है या नहीं। लीक हुआ पासवर्ड ज्यों का त्यों आज़माया जाता है, इसलिए लीक डेटा में बैठा लंबा पासवर्ड भी छोटे जितना ही असुरक्षित है।
लीक का जवाब खाने के नीचे वाला दूसरा बटन देता है। वह अलग क़दम है, जिसकी अपनी कार्यविधि और तीन संभव जवाब हैं — पूरा ब्योरा password leak check वाले पेज पर।
सवाल
Strong password: छोटे जवाब
Strong password कितना लंबा होना चाहिए?
अगर अकाउंट को सिर्फ़ पासवर्ड बचा रहा है, तो NIST 2025 की निचली हद 15 अक्षर है, और CISA 16 या ज़्यादा कहता है। Instagram 6 अक्षर स्वीकार करता है और 8 सुझाता है — यह सर्विस की इजाज़त है, मज़बूती का पैमाना नहीं।
क्या चिह्नों वाला छोटा पासवर्ड सादे लंबे पासवर्ड से बेहतर है?
अक्सर नहीं। हर अतिरिक्त अक्षर अंदाज़ों की संख्या को कई गुना बढ़ाता है, जबकि घिसी-पिटी जगह पर रखा चिह्न लगभग कुछ नहीं जोड़ता — वही जगहें सबसे पहले परखी जाती हैं। NIST तो सर्विसों को अक्षरों की क़िस्में मिलवाने की शर्त से ही मना करता है।
क्या मज़बूत पासवर्ड को भी समय-समय पर बदलना चाहिए?
NIST के मुताबिक़ सर्विसें तय अंतराल पर बदलाव नहीं थोप सकतीं; पासवर्ड बदलने की वजह उसके खुलने का सबूत है। Instagram नियमित बदलाव और TikTok हर 30 दिन पर बदलाव सुझाता है। यहाँ हम NIST की बात मानते हैं, और यह खुलकर कहते हैं।
Checker “सैकड़ों साल” दिखा रहा है। क्या इस पर भरोसा करें?
भरोसा पैमाने पर करें, शब्द पर नहीं। समय इस मान्यता से निकला है कि चुराए गए हैश पर हर सेकंड दस अरब अंदाज़े लगते हैं — यह मान्यता हमारी है। और लीक में पहुँच चुके या नक़ली पेज पर डाले जा चुके पासवर्ड के बारे में यह गिनती चुप है।
आठ बेतरतीब अक्षरों वाला पासवर्ड कमज़ोर क्यों दिखा?
क्योंकि आठ छोटा है। हर क़िस्म के अक्षर मौजूद हों, फिर भी आठ अक्षरों वाली कुल लड़ियाँ इतनी कम हैं कि इस अंदाज़े की मानी हुई रफ़्तार पर उन्हें खंगाला जा सकता है। जब पासवर्ड इकलौता फ़ैक्टर हो, NIST 15 को निचली हद रखता है, और 8 को सिर्फ़ कई-फ़ैक्टर लॉगिन के एक हिस्से के रूप में मानता है।
क्या passkey मज़बूत पासवर्ड से बेहतर है?
TikTok के हेल्प में passkey को पासवर्ड से ज़्यादा सुरक्षित कहा गया है, और Facebook का हेल्प passkey बनाने की सुविधा देता है। Passkey पर हमारी जाँच इन दो बयानों से आगे नहीं गई।
साथ रख लें
इस पेज को अपने प्लान की तरह सेव करें
पेज प्रिंट कर लें या PDF में सेव कर लें, ताकि सेटिंग्स खोलते समय सारे स्टेप फ़ोन के पास रहें। पासवर्ड वाले खाने में जो लिखा था, वह पहले मिटा दिया जाता है और कभी प्रिंट नहीं होता।
- प्रिंट में इस पेज का हर रास्ता और हर जवाब पूरा खुला होता है
- फ़ाइल आपका अपना ब्राउज़र बनाता है — कुछ भी अपलोड नहीं होता
- यह साइट किसी के अकाउंट में लॉग इन नहीं करती और कोई username नहीं माँगती